अंडर-14 क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में अरवाचीन भारती भवन और सहवाग इंटरनेशनल स्कूल
ग्रेटर नोएडा। दूसरे कैम्ब्रिज अंडर-14 इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए अरवाचीन भारती भवन स्कूल, विवेक विहार और सहवाग इंटरनेशनल स्कूल, झज्जर ने फाइनल में जगह बना ली है।
पहले सेमीफाइनल में अरवाचीन भारती भवन स्कूल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 135 रन बनाए। आरव कुमार ने 61 और अव्युक्त राजपूत ने 26 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। नम विकेट पर दोनों बल्लेबाजों ने धैर्य और शानदार खेल का प्रदर्शन किया। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, नोएडा एक्सटेंशन की ओर से मान कंबोज और प्रवित सिंह ने 2-2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की टीम निर्धारित प्रयासों के बावजूद 6 विकेट पर 125 रन ही बना सकी। वियांश ने 50 और समीर श्रीवास्तव ने 42 रनों की पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया, लेकिन शशि भान के 2 विकेट की बदौलत अरवाचीन ने मुकाबला 10 रन से जीत लिया। आरव कुमार को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे सेमीफाइनल में सहवाग इंटरनेशनल स्कूल, झज्जर ने शानदार वापसी करते हुए कैम्ब्रिज स्कूल, श्रीनिवासपुरी को 86 रन से शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सहवाग की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने महज 11 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। इसके बाद प्रयांशु ने 73 और वीर ने नाबाद 50 रन बनाकर पारी को संभाला। दोनों की शानदार साझेदारी की बदौलत टीम ने 6 विकेट पर 147 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। कैम्ब्रिज स्कूल की ओर से देवांश सिंह ने 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी कैम्ब्रिज स्कूल की टीम सहवाग के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 61 रन पर ऑलआउट हो गई। आयुष्मान शर्मा ने 14 और रयान कोहली ने 10 रन बनाए। सहवाग की ओर से देवांश चौधरी ने 3 विकेट लिए, जबकि श्रेयांश आनंद और अक्षय गोयल ने 2-2 विकेट हासिल किए। शानदार बल्लेबाजी के लिए प्रयांशु को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
दोनों सेमीफाइनल मुकाबलों के नतीजों के बाद अब अरवाचीन भारती भवन स्कूल और सहवाग इंटरनेशनल स्कूल के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट को इस वर्ष नया चैंपियन मिलने जा रहा है।
