स्केटिंग चैंपियनशिप में रुद्रांश राज ने जीता रजत पदक, नेशनल के लिए किया क्वालीफाई
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर स्थित ग्रेनो बैंक्ड ट्रैक पर आयोजित नॉर्थ जोन-1 सीबीएसई क्लस्टर रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में गौतमबुद्ध नगर के श्योरान इंटरनेशनल स्कूल के छात्र रुद्रांश राज ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ ही उन्होंने नेशनल चैंपियनशिप के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है।
गाजियाबाद के वसुंधरा स्थित पीएनएन मोहन पब्लिक स्कूल की मेजबानी में 30 अक्टूबर से एक नवंबर तक प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्गों और स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
रुद्रांश राज जिला विकास खेलकूद प्रोत्साहन समिति की ओर से ग्रेटर नोएडा के शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में संचालित स्केटिंग प्रशिक्षण शिविर में नियमित अभ्यास करते हैं। उन्हें प्रशिक्षक चरण सिंह के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
रुद्रांश की इस उपलब्धि से उनके कोच, माता-पिता और स्कूल में खुशी की लहर है। रजत पदक जीतकर नेशनल के लिए क्वालीफाई करने पर सभी ने उन्हें बधाई दी और आगामी प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद जताई। अब रुद्रांश से नेशनल चैंपियनशिप में भी पदक जीतकर जिले और स्कूल का नाम रोशन करने की उम्मीद है।
