डीपीएस फरीदाबाद बना राष्ट्रीय एथलेटिक मीट का ओवरऑल चैंपियन
डीपीएस अहमदाबाद की रिषानवी जोशी को मिला बेस्ट एथलीट का खिताब, 44 विद्यालयों की 250 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस), ग्रेटर नोएडा में शनिवार को इंटर-डीपीएस राष्ट्रीय एथलेटिक मीट गर्ल्स (ओपन)-2026 का भव्य समापन हुआ। डीपीएस सोसाइटी के तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के 44 डीपीएस विद्यालयों की लगभग 250 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड स्पर्धाओं में अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और दमखम का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में डीपीएस ग्रेटर नोएडा के चेयरमैन कौशिक दत्ता मुख्य अतिथि और विद्यालय प्रबंधन समिति की सदस्य डॉ. पिंकी रॉय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। अतिथियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खिलाड़ियों को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
प्रतियोगिता में डीपीएस अहमदाबाद की रिषानवी जोशी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बेस्ट एथलीट) घोषित किया गया, जबकि डीपीएस फरीदाबाद ने शानदार प्रदर्शन करते हुए समग्र विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की।
मुख्य अतिथि कौशिक दत्ता ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन, टीम भावना और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सच्ची सफलता केवल जीत हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल भावना का सम्मान करने और जीवन में उत्कृष्ट मूल्यों को अपनाने में भी निहित है।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। अंत में मुख्य अतिथि ने प्रतियोगिता के समापन की औपचारिक घोषणा की। दो दिवसीय आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के माहौल में संपन्न हुआ।
