श्रीराम मित्र मंडल रामलीला नोएडा: अधर्म पर धर्म की विजय, रावण-कुंभकर्ण-मेघनाद के साथ महंगाई, आतंकवाद और महिला उत्पीड़न के पुतलों का भी दहन
नोएडा। श्रीराम मित्र मंडल नोएडा रामलीला समिति द्वारा सेक्टर-62 स्थित रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला मंचन के दसवें दिन विजयदशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर गौतमबुद्धनगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह और महामंडलेश्वर स्वामी आदियोगी पुरी जी महाराज ने बाण चलाकर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ महंगाई, पाकिस्तान पोषित आतंकवाद और महिला उत्पीड़न के पुतलों का भी दहन किया।
समिति के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया और अतिथियों का स्वागत किया। समिति के चेयरमैन उमाशंकर गर्ग, अध्यक्ष धर्मपाल गोयल, कार्यकारी अध्यक्ष राजकुमार गर्ग, कोषाध्यक्ष राजेंद्र गर्ग, सहकोषाध्यक्ष अनिल गोयल सहित अन्य पदाधिकारियों ने पटका ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर अतिथियों का सम्मान किया।
अहिरावण वध से रावण वध तक का हुआ मंचन
रामलीला में सर्वप्रथम अहिरावण और भगवान श्रीराम के प्रसंग का मंचन किया गया। रावण के कहने पर अहिरावण ने युद्ध शिविर से श्रीराम और लक्ष्मण का अपहरण कर उन्हें पाताल लोक में बंदी बना लिया। दोनों भाइयों के अपहरण से वानर सेना शोकाकुल हो गई। विभीषण से अहिरावण के बारे में जानकारी मिलने पर हनुमान जी पाताल लोक पहुंचे और अहिरावण का वध कर प्रभु श्रीराम तथा लक्ष्मण को मुक्त कराया।
मेघनाद, कुंभकर्ण और अहिरावण के वध के बाद रावण युद्ध के लिए रणभूमि में पहुंचा। इसके बाद राम और रावण की सेनाओं के बीच भीषण युद्ध हुआ। रावण ने अपनी पूरी शक्ति से युद्ध किया। इस दौरान लक्ष्मण और हनुमान जी के साथ भी उसका युद्ध हुआ। हनुमान जी के प्रहार से रावण मूर्छित हो गया। बाद में रावण ने शक्ति प्राप्त करने के लिए यज्ञ किया, लेकिन वानर सेना ने उसे विफल कर दिया।
इसके बाद भगवान श्रीराम और रावण के बीच निर्णायक युद्ध हुआ। विभीषण ने श्रीराम को रावण की नाभि में अमृत होने का रहस्य बताया। इसके बाद श्रीराम ने बाण चलाकर रावण का अंत कर दिया। रावण के धराशायी होते ही देवताओं ने आकाश से पुष्पवर्षा की। भगवान श्रीराम ने विभीषण का राजतिलक कर उन्हें लंका के सिंहासन पर बैठाया। हनुमान जी ने माता सीता को श्रीराम की विजय का समाचार दिया। इसी के साथ दसवें दिन की लीला का समापन हुआ।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समिति के सलाहकार मुकेश अग्रवाल, मनोज शर्मा, मुकेश गोयल, मीडिया प्रभारी मुकेश गुप्ता, गिरिराज बहेड़िया, चक्रपाणि गोयल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यनारायण गोयल, चौधरी रविंद्र सिंह, तरुणराज, पवन गोयल, बजरंग लाल गुप्ता, एस.एम. गुप्ता, भानुप्रताप सिंह, नवीन पोरवाल, अनंत वर्मा, राजेश माथुर, साहिल चौधरी, दिनेश मित्तल, दयाशंकर तिवारी, बाबूराम शर्मा, मनीष चौहान, रामकुमार शर्मा, बी.के. राय और नरेंद्र आर्य, आर.के. उप्रेती सहित समिति के सदस्य तथा शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आज 21 अक्टूबर को होगा भरत मिलाप और श्रीराम राज्याभिषेक
समिति के महासचिव डॉ. मुन्ना कुमार शर्मा ने बताया कि 21 अक्टूबर को भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक सहित विभिन्न लीलाओं का मंचन किया जाएगा। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और डांडिया उत्सव का भी भव्य आयोजन होगा।
