श्री रामलीला कमेटी सीटर 4 द्वारा विजयदशमी पर्व पर भव्य रामलीला मंचन: रावण दहन के साथ बुराई पर अच्छाई की जीत का जश्न
ग्रेटर नोएडा। श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा की ओर से साइट-4 स्थित रामलीला मैदान में आयोजित विजय महोत्सव 2026 के अंतर्गत मंगलवार को दशहरे पर विशेष रामलीला मंचन और रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 70 फीट ऊंचे रावण और 65-65 फीट ऊंचे कुंभकर्ण एवं मेघनाद के पुतलों का रात नौ बजे दहन किया गया।
कमेटी के अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य प्रायोजक नॉर्थविंड के निदेशक राजीव जैन, मनोज गर्ग, शौर्य गर्ग, कीर्त गर्ग, आर्जव जैन और समयक जैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद गणमान्य व्यक्तियों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण किया और रामलीला का मंचन शुरू हुआ।
महासचिव विजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि मंगलवार को लीला में मेघनाद वध, सुलोचना विलाप, अहिरावण वध और रावण वध के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने रामायण के इन महत्वपूर्ण प्रसंगों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद रात नौ बजे तीनों पुतलों का दहन किया गया।
कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि दशहरा बुराई पर अच्छाई और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। रावण दहन के माध्यम से समाज को अहंकार, अन्याय और बुराइयों का त्याग कर सत्य एवं धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।
संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने कहा कि रामलीला के मंचन के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, साहस और मर्यादा को दर्शाया गया। रावण दहन का आयोजन इस संदेश का प्रतीक है कि अहंकार और अधर्म का अंत निश्चित है तथा सत्य की सदैव विजय होती है।
मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि रावण दहन कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। पुलिस बल तैनात रहा और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। उन्होंने दशहरा महोत्सव में शामिल होने के लिए क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
21 अक्टूबर को होगा विजय महोत्सव का समापन
श्री रामलीला कमेटी की ओर से 21 अक्टूबर को विजय महोत्सव 2026 के अंतिम दिन विभीषण का राजतिलक, भरत मिलाप, श्रीराम राज्याभिषेक, पुरस्कार वितरण और समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इन प्रसंगों के माध्यम से भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने, भाई भरत से मिलन और श्रीराम के राज्याभिषेक की भावपूर्ण प्रस्तुति की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस अवसर पर अध्यक्ष सरदार मनजीत सिंह, महासचिव विजेंद्र सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना, ओमप्रकाश अग्रवाल, धर्मपाल भाटी, हरेंद्र भाटी, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, केके शर्मा, मुकुल गोयल, सुभाष चंदेल, अमित गोयल, अतुल जिंदल, गिरीश जिंदल, श्यामवीर भाटी, मनोज यादव, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, अरुण गुप्ता, अंकुर गर्ग, विशाल जैन, उमंग, दीपक, विकास आर्य, रिंकू आर्य और प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
