समसारा विद्यालय की बास्केटबॉल प्रतियोगिता में एरिस्टोटल हाउस बना चैंपियन
भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की कप्तान रसप्रीत सिद्धू ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह, शोभित मिश्रा बने टूर्नामेंट के एमवीपी
ग्रेटर नोएडा। समसारा विद्यालय में इंटर हाउस बास्केटबॉल प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में विद्यालय के चारों सदनों के खिलाड़ियों ने खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया। रोमांचक मुकाबलों के बाद एरिस्टोटल हाउस ने विजेता ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि बीथोवेन हाउस उपविजेता रहा। टैगोर हाउस ने तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम में भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की कप्तान रसप्रीत सिद्धू मुख्य अतिथि और एफआईबीए (FIBA) गोल्ड लाइसेंस प्राप्त कोच कुंवर ब्रम्हेति सिंह पंवार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। दोनों अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
शोभित मिश्रा को मिला एमवीपी पुरस्कार
टूर्नामेंट में शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए शेक्सपियर हाउस के शोभित मिश्रा को मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (एमवीपी) के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। भारतीय महिला बास्केटबॉल टीम की कप्तान रसप्रीत सिद्धू ने खिलाड़ियों के कौशल, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास करने और खेल भावना बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने अतिथियों, शारीरिक शिक्षा विभाग और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क और जुझारूपन भी सिखाते हैं। उन्होंने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी।
समारोह के अंत में विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल प्रदान किए गए। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
