तीन वरिष्ठ नागरिकों की अनूठी पहल, हर सप्ताह श्रमदान से गली को बना रहे जीरो वेस्ट
ग्रेटर नोएडा। दिल्ली पुलिस सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा में तीन वरिष्ठ नागरिक पिछले तीन माह से स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल चला रहे हैं। सोसाइटी निवासी रमनपाल सिंह, शिवकुमार बालियान और सतीश शर्मा प्रत्येक सप्ताहांत श्रमदान कर सोसाइटी की एक गली को जीरो वेस्ट के आधार पर साफ करते हैं। इस दौरान पोलिथिन, प्लास्टिक, बोतल, रैपर, पाउच समेत अन्य कचरे को हटाकर गलियों को गंदगी से मुक्त किया जाता है।
महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर तीनों वरिष्ठ नागरिकों ने सोसाइटी के सी ब्लॉक में विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र की दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित कर नमन किया।
रमनपाल सिंह, डीएसपी (सेवानिवृत्त) ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक को अपनी क्षमता के अनुसार इसमें योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि श्रमदान को जीवन का हिस्सा बनाकर पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अपना आंशिक योगदान देने का संकल्प लिया गया है।
तीनों वरिष्ठ नागरिकों की इस पहल को सोसाइटी में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
