सैनी गांव के 39 किसानों को मिले 58 आबादी भूखंड
18 समान आकार के भूखंडों का ड्रा, 40 भूखंडों का सीधे हुआ आवंटन
ग्रेटर नोएडा। सैनी गांव के 39 किसानों को छह प्रतिशत आबादी के 58 आवासीय भूखंड आवंटित किए गए। बुधवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में किसानों की मौजूदगी में समान आकार वाले 18 भूखंडों का ड्रा कराया गया। ड्रा में 17 किसानों के भूखंड शामिल रहे।
वहीं, 40 भूखंडों का आकार अलग-अलग होने के कारण इनके लिए ड्रा की आवश्यकता नहीं पड़ी। इन भूखंडों का किसानों के नाम सीधे आवंटन कर दिया गया।
दरअसल, सैनी गांव के किसानों की जमीन के अधिग्रहण के बाद से छह प्रतिशत आबादी के आवासीय भूखंड लंबे समय से लंबित थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसानों को आबादी भूखंड शीघ्र आवंटित करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद नियोजन विभाग और छह प्रतिशत आबादी भूखंड विभाग ने आवंटन की प्रक्रिया पूरी की।
प्राधिकरण की ओएसडी गुंजा सिंह ने कहा कि पात्र किसानों को छह प्रतिशत आबादी के आवासीय भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। सैनी गांव की तरह अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी आबादी भूखंड जल्द आवंटित किए जाएंगे।
ड्रा के दौरान ओएसडी गुंजा सिंह के अलावा नियोजन विभाग के प्रभारी महाप्रबंधक सुधीर कुमार, प्रबंधक प्रमोद कुमार और प्रबंधक कपिल तोंगड़ समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
