फेफड़ों और थोरैसिक रोगों के आधुनिक इलाज पर विशेषज्ञ करेंगे मंथन
नोएडा। उन्नत श्वसन और थोरैसिक चिकित्सा के क्षेत्र में नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर चर्चा के लिए नोएडा में देशभर के विशेषज्ञ जुटेंगे। थोरैसिक एंडोस्कोपी सोसायटी (TESCON 2026) का 10वां वार्षिक सम्मेलन 2 से 4 अक्टूबर तक दिल्ली-एनसीआर के हॉलिडे इन, मयूर विहार में आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में देशभर से 600 से अधिक पल्मोनोलॉजिस्ट और विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन की थीम “विजन 2026: I³- इनोवेट, इंटीग्रेट, इंटरवीन” रखी गई है। आयोजकों के मुताबिक सम्मेलन में इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी और थोरैसिक मेडिसिन के क्षेत्र में हो रही नई प्रगति पर विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे।
आयोजन सचिव एवं वर्कशॉप निदेशक डॉ. शिखा जिंदल गुप्ता ने बताया कि सम्मेलन में जटिल श्वसन और थोरैसिक रोगों के निदान और उपचार में इस्तेमाल हो रही आधुनिक तकनीकों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसमें इंटरवेंशनल पल्मोनोलॉजी, ब्रोंकोस्कोपी, ईबीयूएस, मेडिकल थोरैकोस्कोपी, प्ल्यूरल इंटरवेंशन, एयरवे इंटरवेंशन और मल्टीडिसिप्लिनरी कैंसर केयर प्रमुख विषय होंगे।
आयोजन अध्यक्ष डॉ. वीरोट्टम टोमर के अनुसार सम्मेलन में थोरैसिक चिकित्सा के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों और आधुनिक उपचार तकनीकों को विशेषज्ञों के सामने रखा जाएगा।
कई विशेषज्ञ एक मंच पर होंगे
सम्मेलन की खासियत इसका बहुविषयक स्वरूप होगा। सह-आयोजन अध्यक्ष डॉ. आशीष अग्रवाल ने बताया कि पल्मोनोलॉजिस्ट के साथ थोरैसिक सर्जन, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, ईएनटी विशेषज्ञ, ऑन्कोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट और इंटेंसिविस्ट समेत अन्य विशेषज्ञ वैज्ञानिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इससे थोरैसिक रोगों के उपचार में विभिन्न विशेषज्ञताओं के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा होगी।
नोएडा के अस्पतालों में होंगे लाइव डेमोंस्ट्रेशन
वैज्ञानिक समिति के अध्यक्ष डॉ. ज्ञानेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सम्मेलन के दौरान हैंड्स-ऑन वर्कशॉप और लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी आयोजित किए जाएंगे। ये कार्यक्रम नोएडा के नियो सुपरस्पेशियलिटी हॉस्पिटल, मेदांता हॉस्पिटल, मैक्स जेयपी हॉस्पिटल, कैलाश हॉस्पिटल और फोर्टिस हॉस्पिटल में होंगे। इनका उद्देश्य विशेषज्ञों को आधुनिक प्रक्रियात्मक तकनीकों से परिचित कराना और नई तकनीकों को क्लीनिकल प्रैक्टिस में इस्तेमाल करने की जानकारी देना है।
आयोजकों के अनुसार TESCON 2026 विशेषज्ञों के बीच ज्ञान के आदान-प्रदान, नवाचार, प्रशिक्षण और सहयोग का मंच उपलब्ध कराएगा। सम्मेलन के जरिए जटिल थोरैसिक रोगों के बेहतर निदान, उपचार और मरीजों के परिणामों में सुधार के लिए विभिन्न चिकित्सा विशेषज्ञताओं को एक मंच पर लाने पर जोर दिया जाएगा।
