जीडी गोयनका के विद्यार्थियों ने आंगनवाड़ी में बांटा पोषण का संदेश
ग्रेटर नोएडा। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल, स्वर्ण नगरी के कक्षा तीन के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने बरौंदी चक्रसेनपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का भ्रमण कर बच्चों के साथ समय बिताया और पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने आंगनवाड़ी के बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों के बीच दलिया, दाल और विभिन्न प्रकार के फलों का वितरण किया। साथ ही पौष्टिक भोजन के महत्व को सरल और रोचक तरीके से समझाया।
इस दौरान आंगनवाड़ी के बच्चों ने नृत्य, गीत और लघु नाटिका प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुतियों पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उत्साहवर्धन किया।
सामुदायिक संपर्क कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने सेवा, सहयोग, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का अनुभव प्राप्त किया। कार्यक्रम ने ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ के संदेश को सार्थक करते हुए बच्चों के स्वस्थ एवं समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने की भावना को प्रोत्साहित किया।
