यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में आयुष विभाग का स्टॉल सर्वश्रेष्ठ
ग्रेटर नोएडा। इंडियन एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में उत्तर प्रदेश आयुष विभाग के स्टॉल को हॉल-4 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल (Best Display Stand) का पुरस्कार मिला। स्टॉल पर आयुष चिकित्सा पद्धतियों, औषधि निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण, अनुसंधान और नवाचार के साथ प्रदेश में आयुष क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी गई।
आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ. राम कृपाल, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गौतमबुद्धनगर डॉ. वंदना रानी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी गाजियाबाद डॉ. अशोक राणा और जिला होम्योपैथी अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल ने स्टॉल पर आने वाले अतिथियों और आगंतुकों को विभाग की गतिविधियों की जानकारी दी।
स्टॉल पर आयुर्वेद, योग, पंचकर्म, सुरक्षित एवं मानकीकृत औषधि निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण और आयुर्वेद के वैश्वीकरण की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया। उत्तर प्रदेश को वेलनेस टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने तथा गुणवत्तापूर्ण और साक्ष्य आधारित आयुर्वेदिक उपचार को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी जानकारी दी गई।
आगंतुकों की चिकित्सकों द्वारा नाड़ी परीक्षा की गई और स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया गया। साथ ही आयुर्वेदिक आहार-विहार, ऋतुचर्या और दिनचर्या के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में जानकारी दी गई।
आयुष विभाग के गौतमबुद्धनगर जनपद के चिकित्साधिकारियों और कर्मचारियों ने स्टॉल के संचालन और आगंतुकों के मार्गदर्शन में सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग के मुताबिक, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन स्टॉल का पुरस्कार आयुर्वेद और होम्योपैथी विभाग की टीम की समन्वित कार्यशैली और प्रस्तुति का परिणाम है।
