UPITS में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की तकनीकी उपलब्धियों की दिखी झलक
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के तीसरे दिन गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय, गौतमबुद्धनगर के स्टॉल पर विश्वविद्यालय के तकनीकी नवाचार, शोध, स्टार्टअप और उद्यमिता से जुड़ी उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। स्टॉल पर विश्वविद्यालय की विभिन्न तकनीकी एवं शोध आधारित पहलों की जानकारी डॉ. अतुल और डॉ. ओमवीर सिंह ने दी।
स्टॉल पर ड्रोन तकनीक, कृषि ड्रोन के प्रोटोटाइप और अटल इन्क्यूबेशन सेंटर की गतिविधियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इन प्रदर्शनों के माध्यम से तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने, शोध को व्यावहारिक रूप देने और विद्यार्थियों व नवोदित उद्यमियों को नए अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों की जानकारी दी गई।
ट्रेड शो में बड़ी संख्या में आगंतुक विश्वविद्यालय के स्टॉल पर पहुंचे और तकनीकी परियोजनाओं एवं नवाचारों के बारे में जानकारी ली। खास तौर पर ड्रोन तकनीक और कृषि क्षेत्र में इसके संभावित उपयोग ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस दौरान कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह ने भी विश्वविद्यालय के स्टॉल का दौरा किया। उन्होंने प्रदर्शित तकनीकी परियोजनाओं, शोध कार्यों और विश्वविद्यालय की विभिन्न उपलब्धियों का अवलोकन किया। कुलपति के आगमन को विश्वविद्यालय के प्रतिनिधियों और विद्यार्थियों के लिए उत्साहवर्धक अवसर बताया गया।
गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय की ट्रेड शो में भागीदारी के जरिए विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और नवाचार से जुड़े कार्यों को व्यापक मंच मिला। विश्वविद्यालय की ओर से प्रदर्शित गतिविधियों में शोध, तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप और उद्यमिता पर जोर दिखाई दिया।
