शिक्षक मतदाता सूची में धांधली की शिकायत, सपा प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपे 340 नाम
ग्रेटर नोएडा। मेरठ खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित धांधली की शिकायत को लेकर समाजवादी पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को जिलाध्यक्ष इंदर प्रधान के नेतृत्व में जिलाधिकारी मेधा रूपम से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मतदाता सूची की जांच कराने और कथित रूप से फर्जी मतदाताओं के नाम हटाने की मांग की।
सपा जिलाध्यक्ष इंदर प्रधान ने आरोप लगाया कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव की मतदाता सूची में बड़ी संख्या में फर्जी वोट बनाए गए हैं। वहीं, सपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने दावा किया कि निर्वाचन कर्मियों की मिलीभगत से करीब पांच हजार फर्जी शिक्षकों के वोट मतदाता सूची में जोड़े गए हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को शिक्षक मतदाता सूची में शामिल बताए जा रहे 340 कथित फर्जी मतदाताओं की सूची भी सौंपी। सपा नेताओं ने मामले की तत्काल जांच कराकर अपात्र नामों को मतदाता सूची से हटाने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच के लिए कमेटी गठित करने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी, विक्रम टाइगर, कृशान्त भाटी, कुलदीप भाटी, विकास भनौता, अनूप तिवारी, बबली भाटी, प्रशांत भाटी, रूबी नागर, देशपाल भाटी, शिमला सागर, सुमित पंडित, गिरिराज सिंह, आकाश राणा, पुनीत भाटी और प्रदीप भाटी सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
