बादलपुर पुलिस ने पांच लाख के पाइप चोरी का किया खुलासा, दो गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। थाना बादलपुर पुलिस ने गोदाम से चोरी हुए करीब पांच लाख रुपये कीमत के ऑप्टिकल फाइबर प्लास्टिक पाइप की चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी किए गए 10 बंडल पाइप बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, वादी ने थाना बादलपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके गोदाम से ऑप्टिकल फाइबर प्लास्टिक पाइप के 10 बंडल चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
थाना बादलपुर पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए काशीराम पार्क के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 10 बंडल पाइप बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार बरामद माल की कीमत करीब पांच लाख रुपये है।
