नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी में HR कॉनक्लेव 2026 आयोजित
90 से अधिक उद्योगों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट विभाग की ओर से कैंपस में दूसरा HR कॉनक्लेव 2026 आयोजित किया गया। इसमें बोट, पेटीएम, वीवो, फिलिप्स हेल्थकेयर, हिताची और फिजिक्स वाला समेत 90 से अधिक उद्योगों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि BOAT (NR), कानपुर और NATS, मिनिस्ट्री ऑफ एजुकेशन के डायरेक्टर विवेक कुमार रहे।
कार्यक्रम का आयोजन नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट दीपक कुमार की ओर से किया गया। दीप प्रज्वलन और गणेश वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।
विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. देवेश कुमार सिंह ने कहा कि HR कॉनक्लेव 2026 अकादमिक और उद्योग जगत के बीच मजबूत संबंध बनाने की दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि छात्रों के लिए उद्योग की अपेक्षाओं को समझना और आवश्यक कौशल विकसित करना महत्वपूर्ण है।
चांसलर डॉ. विक्रम सिंह ने कहा कि इंडस्ट्री-अकादमिया सहयोग छात्रों को रोजगार की दुनिया के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे मंच बदलती जरूरतों और कौशल विकास पर विचार साझा करने का अवसर देते हैं।
वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) उमा भारद्वाज ने उद्योग-अकादमिक नेटवर्किंग, MSME, टैलेंट एक्विजिशन, इंडस्ट्री ट्रेंड्स और आउटकम-बेस्ड एजुकेशन पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि विवेक कुमार ने कहा कि प्लेसमेंट सिर्फ मंजिल नहीं, बल्कि करियर की शुरुआत है। उन्होंने इंडस्ट्री-रेडी प्रोफेशनल तैयार करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में उद्योग विशेषज्ञों ने भर्ती, प्रशिक्षण, प्रदर्शन और बदलती कार्यस्थल जरूरतों से जुड़े विषयों पर विचार साझा किए। अंत में ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट के डायरेक्टर दीपक कुमार ने उद्योग प्रतिनिधियों और विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार जताया।
