केंटर में अचेत मिला चालक, दम घुटने से मौत की आशंका
ग्रेटर नोएडा। कासना थाना क्षेत्र के ग्राम लडपुरा में बुधवार को एक केंटर के अंदर चालक अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने केंटर के दरवाजे अंदर से लॉक पाए। फोरेंसिक टीम और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान पवन शर्मा (37) पुत्र चंद प्रकाश शर्मा, निवासी ऐचोरा, थाना अनुपशहर, बुलंदशहर के रूप में हुई है। पवन शर्मा केंटर चालक था और अलीगढ़ से गाजीपुर मंडी में आलू की सप्लाई के लिए निकला था।
प्रथम दृष्टया आशंका है कि केंटर के दरवाजे और शीशे बंद कर अंदर सोने के दौरान दम घुटने से पवन शर्मा की मौत हुई। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।
पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
