जीएनआईओटी में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन का आयोजन, 1230 छात्रों ने लिया हिस्सा
ग्रेटर नोएडा। नॉलेज पार्क स्थित जीएनआईओटी के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग और जीएनआईओटी-सीएसई टेक क्लब के संयुक्त तत्वावधान में इंटरनल स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन (एसआईएच) 2026 का आयोजन किया गया। इसमें संस्थान के विभिन्न विभागों के 1230 विद्यार्थियों ने 205 टीमों के रूप में हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर दोनों संस्करणों में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जीएनआईओटी इंजीनियरिंग संस्थान के निदेशक डॉ. धीरज गुप्ता ने किया। उन्होंने प्रतिभागी टीमों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यार्थियों से नवाचार, रचनात्मकता, टीमवर्क और तकनीक आधारित समस्याओं के समाधान पर ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया।
हैकाथॉन के दौरान विद्यार्थियों को वास्तविक जीवन से जुड़ी विभिन्न चुनौतियों पर काम करने और उनके लिए नवीन विचार, प्रोटोटाइप एवं तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिला। आयोजन का उद्देश्य प्रतिभाशाली टीमों की पहचान कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर के स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के लिए तैयार करना भी रहा।
इस अवसर पर डॉ. धीरज गुप्ता ने कहा कि संस्थान प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को अपने नवाचार और तकनीकी विचारों को सामने लाने के लिए आवश्यक मंच और सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में तकनीकी सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन की सफलता को संस्थान की ओर से नवाचार, उद्यमिता, विभिन्न विषयों के बीच सहयोग और तकनीक आधारित समस्या समाधान को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
