लाखों के एमडीएमए (सिंथेटिक नशीला पदार्थ) के साथ अफ्रीकी मूल के दो विदेशी नागरिक गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना पुलिस ने तिलपता चौकी क्षेत्र से दो विदेशी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों के कब्जे से 600 ग्राम एमडीएमए (सफेद पाउडर) और 1.19 लाख रुपये नकद बरामद हुए हैं। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पीटर (47) निवासी अबिदजान सिटी, आइवरी कोस्ट और माइकल (56) निवासी अकरा सिटी, घाना के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में पैरामाउंट सोसायटी स्थित पाइन टावर में रह रहे थे।
पुलिस ने बताया कि 15 सितंबर को तिलपता चौकी क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान दोनों को पकड़ा गया। तलाशी में 300-300 ग्राम के दो पैकेट में कुल 600 ग्राम सफेद पाउडर, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, दो पासपोर्ट, दो प्लास्टिक पॉलीथिन पैकेट, दो मोबाइल फोन, दो बैग और 1.19 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
बरामद सफेद पाउडर को पुलिस ने एमडीएमए बताया है। मामले में सूरजपुर थाने में मु0अ0सं0 518/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की सप्लाई और नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
