अमर उजाला शिक्षक सम्मान से सम्मानित हुए प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा
जहांगीरपुर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए पब्लिक इंटर कॉलेज जहांगीरपुर के प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा को अमर उजाला शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। हाल ही में एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा में आयोजित समारोह में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्हें प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
समारोह में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेश के 210 शिक्षकों को सम्मानित किया। इनमें जहांगीरपुर के पब्लिक इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कुलभूषण शर्मा का चयन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय रहा।
कुलभूषण शर्मा को सम्मान मिलने की जानकारी क्षेत्र में पहुंचते ही शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मिला यह सम्मान जहांगीरपुर और पब्लिक इंटर कॉलेज के लिए गर्व की बात है।
