किसान संघर्ष मोर्चा का धरना पांचवें दिन भी जारी, 14 को महापंचायत
ग्रेटर नोएडा। किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर किसान संघर्ष मोर्चा का धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। धरने में सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष किसान शामिल हुए। आंदोलनकारियों ने 10 प्रतिशत आबादी प्लॉट समेत अन्य मांगों को लेकर नारेबाजी की। मोर्चा ने 14 सितंबर को महापंचायत आयोजित करने की घोषणा की है।
धरने की अध्यक्षता शांति देवी ने की, जबकि संचालन गुरप्रीत एडवोकेट ने किया। किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नगर ने कहा कि आंदोलन के पांच दिन बीतने के बावजूद प्रशासन की ओर से किसानों से वार्ता का कोई प्रस्ताव नहीं आया है। उन्होंने कहा कि मांगों का समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
किसान सभा के जिला अध्यक्ष डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि पहले चरण के आंदोलन में 10 प्रतिशत प्लॉट के मुद्दे को प्राधिकरण की बोर्ड बैठक से पास कराया गया था, लेकिन शासन स्तर पर प्रस्ताव अभी लंबित है। उन्होंने किसानों से प्रस्ताव को शासन स्तर से मंजूर कराने के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील की।
किसान सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजब सिंह नेताजी ने कहा कि किसान अपना हक लेकर रहेंगे। जिला सचिव अजय पाल भाटी ने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा।
जिला सचिव निशांत रावल ने दावा किया कि 14 सितंबर को होने वाली महापंचायत में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष किसान शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसान अपने अधिकारों को लेकर आर-पार की लड़ाई के लिए तैयार हैं।
धरने को भगत सिंह, राहुल, सुशांत, प्रशांत, जयकरण सिंह भाटी, मुकेश, गीता, पूनम, जोगेंद्री, महासचिव संदीप भाटी, गबरी मुखिया, सुरेश यादव और नितिन चौहान ने भी संबोधित किया।
