गौड़ सिटी-1 में मेडिकल रूम का उद्घाटन, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में उमड़े निवासी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट। गौड़ सिटी-1 के 1st एवेन्यू में अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) की ओर से निवासियों की स्वास्थ्य सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रविवार को नए मेडिकल रूम का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर ब्लेसिंग पॉलीनिक के सहयोग से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया।
शिविर में सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक बड़ी संख्या में निवासियों ने स्वास्थ्य जांच कराई। इस दौरान जनरल फिजिशियन से निःशुल्क परामर्श के साथ बीपी, शुगर और बीएमआई की जांच की गई। सुबह 11:30 बजे सेलिब्रेशन हॉल स्थित मेडिकल रूम का रिबन काटकर औपचारिक उद्घाटन किया गया।
एओए अध्यक्ष संजीव पाठक ने बताया कि सोसायटी के वरिष्ठ नागरिकों की ओर से लंबे समय से मेडिकल सुविधा शुरू करने की मांग की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए मेडिकल रूम शुरू किया गया है। यहां नियमित रूप से निःशुल्क शुगर, बीपी जांच, ड्रेसिंग और इंजेक्शन समेत आवश्यक प्राथमिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
एओए सचिव आशुतोष त्रिपाठी ने बताया कि प्रबंधन समिति की ओर से 1st एवेन्यू के प्रत्येक निवासी को विशेष हेल्थ कार्ड दिया जाएगा। इसके माध्यम से निवासी भविष्य में ब्लेसिंग पॉलीनिक में स्वास्थ्य सेवाओं और परामर्श पर विशेष छूट व अन्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे।
एओए पदाधिकारियों ने बताया कि सोसायटी परिसर में ही सुलभ और त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे निवासियों ने एओए की पहल की सराहना करते हुए इसे सोसायटी के लिए उपयोगी कदम बताया।
