आईटी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनें युवा, राष्ट्र सेवा में भी निभाएं भागीदारी
ग्रेटर नोएडा। मंगल पांडे नगर, गौतमबुद्ध नगर में आरएसएस की ओर से आईटी गोष्ठी का आयोजन पारस इंटरनेशनल स्कूल, मिलक लच्छी में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आनंद जी भाई साहब, प्रदीप जी भाई साहब और दुर्गेश जी भाई साहब ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। गोष्ठी में सह प्रांत प्रचारक आनंद जी भाई साहब और जिला प्रचारक नेमपाल जी भाई साहब का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
आनंद जी भाई साहब ने युवाओं से आईटी क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आईटी क्षेत्र में कार्य करने के साथ युवाओं को समाज और राष्ट्र सेवा के अन्य कार्यों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने संस्कृति रक्षा, सामाजिक समरसता और नागरिक कर्तव्यों के पालन पर जोर देते हुए कहा कि जल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त घर और पौधरोपण जैसे प्रयासों की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर से करनी चाहिए।
उन्होंने युवाओं से जागरूक नागरिक बनकर देश विरोधी नैरेटिव का सामना करने तथा कुटुंब व्यवस्था और भारतीय परिवार संस्कारों को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को भारतीय संस्कृति और संस्कारों की जानकारी देना आवश्यक है, जिससे उनका मजबूत चरित्र निर्माण हो सके।
जिला प्रचारक नेमपाल जी भाई साहब ने संघ की स्थापना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक घंटे की शाखा के माध्यम से चरित्रवान नागरिक तैयार करना संघ का प्रमुख उद्देश्य है। ऐसे चरित्रवान नागरिकों के माध्यम से राष्ट्र को परम वैभव तक ले जाने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सेवा कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि देशभर में बड़ी संख्या में शाखाएं और आनुषंगिक संगठन राष्ट्र उत्थान एवं सेवा कार्यों में जुटे हैं।
कार्यक्रम का समापन दुर्गेश जी के आशीर्वचन और कल्याण मंत्र के साथ हुआ। इस दौरान जिला आईटी प्रमुख, सह जिला आईटी प्रमुख आशीष जी, सह जिला शारीरिक प्रमुख सजीव जी, नगर आईटी प्रमुख कृष्णा जी, सह नगर संचालक प्रदीप जी समेत मंगल पांडे नगर की विभिन्न सोसाइटियों से आए आईटी प्रोफेशनल मौजूद रहे।
रबूपुरा में युवा एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित
रबूपुरा। रबूपुरा खंड में रविवार को सरस्वती बाल मंदिर में युवा एकत्रीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 115 युवाओं ने सहभागिता की। इनमें 90 युवा पूर्ण गणवेश में शामिल हुए, जबकि 15 अन्य युवा और 10 कार्यकर्ता व्यवस्था में रहे।
कार्यक्रम में जिला कार्यवाह राजकुमार जी का बौद्धिक प्राप्त हुआ। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र और समाज के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय के उद्घोष के साथ हुआ।
