यमुना सेक्टर-18 में ऑफिस का ताला तोड़कर लाखों का सामान चोरी
ग्रेटर नोएडा, 13 सितंबर। दनकौर थाना क्षेत्र के यमुना सेक्टर-18 स्थित एक ऑफिस में चोरों ने ताला तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोर ऑफिस से सोलर बैटरियों समेत कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित ने थाना दनकौर में शिकायत देकर पुलिस से मामले की जांच और चोरी हुआ सामान बरामद कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, 12 सितंबर की शाम करीब सात बजे आदित्य और दिनेश शर्मा अपनी गाड़ी ऑफिस में खड़ी करने आए थे। इसके बाद ऑफिस बंद कर दिया गया। अगले दिन सुबह केयरटेकर राजू ऑफिस पहुंचा तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखने पर सामान बिखरा पड़ा था और कई महत्वपूर्ण उपकरण गायब थे।
पीड़ित के मुताबिक, चोर ऑफिस से चार सोलर बैटरी, एक सोलर यूपीएस, एक Apple Mac CPU, एक प्रोजेक्टर, एक सेटअप बॉक्स टीवी और एक स्पीकर समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।
पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर चोरों का पता लगाने, चोरी का सामान बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
