नकली सोना दिखाकर ठगी करने वाले तीन गिरफ्तार
दो लाख की दो एफडी फ्रीज, 1.20 लाख रुपये नकद और पीली धातु की झालर बरामद
ग्रेटर नोएडा, 12 सितंबर। बिसरख पुलिस ने खुद को मजदूर बताकर खुदाई में सोना-चांदी मिलने का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी की रकम में से 1.20 लाख रुपये नकद, पीली धातु की चैन वाली झालर बरामद की है। साथ ही दो-दो लाख रुपये की दो एफडी फ्रीज कराई गई हैं।
पुलिस के अनुसार, वादी के पिता को नकली सोने के आभूषणों से भरा बैग देकर टप्पेबाजी के जरिए लाखों रुपये की ठगी की गई थी। मामले में थाना बिसरख में मुकदमा दर्ज किया गया था। लोकल इंटेलीजेंस और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने शनिवार को चार मूर्ति से एटीएस गोलचक्कर की ओर जाने वाले रास्ते से आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनी पत्नी शंकर (40), मोहन पुत्र दुर्गा प्रसाद (43) और धर्मा पुत्र राजा राम (45) के रूप में हुई है। तीनों वर्तमान में बिसरख क्षेत्र के पुराना हैबतपुर में रह रहे थे।
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस के मुताबिक आरोपी खुद को मजदूरी करने वाला बताते थे। वे लोगों को बताते थे कि उन्हें खुदाई के दौरान सोना-चांदी मिला है और वे इसे बेचना चाहते हैं। इसके बाद एक-दो दिन बाद नकली सोने-चांदी के आभूषण दिखाकर उन्हें बेहद कम कीमत में बेचने का लालच दिया जाता था। लालच में आने के बाद आरोपियों द्वारा ठगी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 575/2026, धारा 318(3) बीएनएस, थाना बिसरख में कार्रवाई की है।
