सीएम योगी ने किया UPITS-2026 का कर्टन रेजर, यूपी की औद्योगिक ताकत दिखेगी दुनिया के सामने
यूपीआईटीएस-2026 का आगाज, 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में सजेगा वैश्विक कारोबार का मंच
नोएडा। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS-2026) के चौथे संस्करण का कर्टन रेजर समारोह शनिवार को नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय, सेक्टर-96 में आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में UPITS-2026 की औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, एमएसएमई, निर्यात और निवेश संभावनाओं को वैश्विक मंच पर मजबूती से स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने वाले UPITS-2026 में देश-विदेश के उद्योग समूहों, निर्यातकों, स्टार्टअप्स, कारीगरों, निवेशकों, संस्थागत खरीदारों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों की भागीदारी प्रस्तावित है।
ओडीओसी बनेगा खास आकर्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रगतिशील नीतियों, बेहतर आधारभूत ढांचे, मजबूत एमएसएमई और बढ़ते निर्यात के दम पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। UPITS ने कम समय में प्रभावशाली वैश्विक व्यापारिक मंच के रूप में पहचान बनाई है। इस बार विभिन्न सरकारी विभागों और प्राधिकरणों की अधिक सक्रिय भागीदारी होगी।
उन्होंने कहा कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुज़ीन’ (ODOC) UPITS-2026 का प्रमुख आकर्षण होगा। इसके माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों की विशिष्ट पाक परंपराओं, स्थानीय व्यंजनों और खाद्य उद्यमों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।
निवेश और निर्यात को मिलेगी नई गति
एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री भूपेन्द्र चौधरी ने कहा कि UPITS एमएसएमई, ओडीओपी, स्टार्टअप, कारीगरों और बड़े उद्योगों को नए कारोबारी साझेदार बनाने तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का अवसर देता है। चौथे संस्करण में निर्यात संवर्धन, निवेश आकर्षण और वैश्विक व्यापारिक साझेदारियों को और विस्तार मिलेगा।
कई औद्योगिक परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने एमएसएमई और निर्यात अवसंरचना से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। रायबरेली, मऊ, प्रयागराज, प्रतापगढ़ और महोबा में एमएसएमई क्लस्टर पार्क, लखनऊ के गोमतीनगर में ट्रेड प्रमोशन सेंटर तथा कौशाम्बी और गोंडा में ओडीओपी कॉमन फैसिलिटी सेंटर का शिलान्यास किया गया। वाराणसी में ओडीओपी कॉमन फैसिलिटी सेंटर का लोकार्पण भी हुआ।
ककवन-बिल्ल्हौर, बछरावां और गद्दोपुर के मिनी औद्योगिक आस्थानों के उच्चीकरण कार्यों का शुभारंभ तथा वाराणसी, शामली और अमेठी में नए जिला उद्योग केंद्र भवनों का शिलान्यास किया गया। विश्वकर्मा श्रम सम्मान और ओडीओपी लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। उत्कृष्ट उद्यमियों को माटी कला शिल्पकारी और खादी ग्रामोद्योग पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
पिछले संस्करण में पांच लाख से ज्यादा पहुंचे थे
UPITS के वर्ष 2025 के संस्करण में 5,07,099 से अधिक आगंतुक पहुंचे थे, जिनमें 1,40,735 बी2बी विजिटर शामिल थे। आयोजन में 2,228 प्रदर्शकों ने 35 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में उत्पादों का प्रदर्शन किया। FIEO के सहयोग से 85 देशों के 550 से अधिक विदेशी खरीदारों ने भी हिस्सा लिया था।
कार्यक्रम में मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, भूपेन्द्र चौधरी, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी, राज्यमंत्री ब्रजेश सिंह, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, प्रमुख सचिव एमएसएमई एवं निर्यात प्रोत्साहन शशि भूषण लाल सुशील, इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार समेत उद्योग जगत और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।
