GBU छात्र को 5 लाख के मुचलके का नोटिस देने वाला दरोगा सस्पेंड, जांच जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल एक छात्र को 5 लाख रुपये के शांति बंधपत्र का नोटिस जारी करने वाले दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
ग्रेटर नोएडा: सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद नोटिस देनेवाले दरोगा को को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी के छात्र अक्षत त्रिपाठी को CJP प्रोटेस्ट में शामिल होने के आरोप में BNSS की धाराओं के तहत 5 लाख रुपये के निजी मुचलके का नोटिस जारी करने से जुड़ा है।
SC ने जताई नाराजगी
सुप्रीम कोर्ट ने इस कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई, क्योंकि छात्रों पर जबरन कार्रवाई रोकने के पहले के आदेश के बावजूद नोटिस जारी किया गया था। कोर्ट ने पूछा कि मजिस्ट्रेट को आदेश के विरुद्ध कार्रवाई की हिम्मत कैसे हुई?
चेतावनी दी थी
भारत के सॉलिसिटर जनरल ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट की पीठ को प्रशासनिक कार्रवाई की औपचारिक जानकारी दी। इससे पहले मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने सुप्रीम कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद छात्र को दंडात्मक नोटिस जारी किए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। पीठ ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी भी दी थी।
