विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन ने लगाया दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर
चार केंद्रों पर 263 मरीजों को दिया परामर्श और उपचार
नोएडा। विश्व फिजियोथेरेपी दिवस के अवसर पर फर्स्टवन रिहैब फाउंडेशन की ओर से 7 और 8 सितंबर को दो दिवसीय फिजियोथेरेपी एवं स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। संस्था के नोएडा केंद्र के साथ ही जौनपुर स्थित स्नेह राजेश ट्रस्ट, देहरादून स्थित विंसम स्टेप्स और प्रयागराज स्थित गायत्री पुनर्वास केंद्र में भी शिविर आयोजित किए गए।
इस वर्ष विश्व फिजियोथेरेपी दिवस की थीम “स्ट्रोक एवं हृदय रोगों की रोकथाम, प्रबंधन एवं पुनर्वास” रही। शिविरों के दौरान करीब 263 मरीजों को परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि फिजियोथेरेपी केवल दिव्यांगजनों के लिए ही नहीं, बल्कि हर व्यक्ति के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विभिन्न बीमारियों की रोकथाम और बेहतर स्वास्थ्य के लिए फिजियोथेरेपी की भूमिका लगातार बढ़ रही है।
इस दौरान प्रसिद्ध कवि शंभू शिखर ने डॉ. महिपाल को पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
शिविर में विशेषज्ञों ने विभिन्न स्वास्थ्य विषयों पर जानकारी दी। डॉ. महिपाल ने कार्य से संबंधित शारीरिक समस्याओं, डॉ. दीक्षा ने न्यूरो एवं स्ट्रोक पुनर्वास, डॉ. सुष्मिता ने स्त्री रोग संबंधी समस्याओं और डॉ. प्रीति ने सीपीआर के माध्यम से जीवन रक्षा पर सत्र आयोजित किए।
इसके अलावा प्रतिभागियों को एरोबिक एक्सरसाइज और स्ट्रेचिंग का प्रशिक्षण भी दिया गया। फिजियोथेरेपिस्ट अभिनव प्रताप सिंह ने मरीजों को स्वास्थ्य और फिजियोथेरेपी से संबंधित आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
शिविर के माध्यम से लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने और स्ट्रोक व हृदय रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया गया।
