गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों ने हर्षोल्लास से मनाया शिक्षक दिवस
ग्रेटर नोएडा। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय अंतर्गत भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग के विद्यार्थियों ने 3 सितंबर को हर्षोल्लास के साथ शिक्षक दिवस मनाया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अभिनय के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और अपने भावों को व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान संकाय के अधिष्ठाता एवं विभागाध्यक्ष प्रोफेसर माधव गोविंद उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भाषा और शिक्षक की भूमिका पर प्रकाश डाला।
प्रोफेसर माधव गोविंद ने कहा कि भाषा हमें सशक्त बनाती है। उन्होंने एक समाज वैज्ञानिक के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य जितना सीखता और सोचता है, उतना बोल नहीं पाता और जितना बोलता है, उससे भी कम लिख पाता है। शिक्षक ही सोचने, बोलने और लिखने के बीच के इस अंतर को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। उन्होंने अभिनय के माध्यम से शिक्षक और विद्यार्थी के संबंध तथा शिक्षकों के प्रति अपने सम्मान और दृष्टिकोण को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का संचालन पीएचडी शोध छात्र विवेक और बीए हिंदी द्वितीय वर्ष की छात्रा खुशबू ने किया।
इस अवसर पर भारतीय भाषा एवं साहित्य विभाग की समन्वयक डॉ. रेनू यादव, डॉ. विभावरी, डॉ. दिवाकर गरवा, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. ओबेदुल गफ्फार, डॉ. मोहम्मद आसिफ, डॉ. ममता कुमारी, डॉ. पूजा यादव, डॉ. रमेश कुमार और डॉ. भावना शर्मा सहित विभाग के शिक्षक उपस्थित रहे।
