“यूपी टेक्स 2026” से वैश्विक मंच पर दिखेगी यूपी के वस्त्र उद्योग की ताकत
नोएडा में कर्टेन रेजर और रोड शो, निवेश व निर्यात की संभावनाओं पर हुआ मंथन
नोएडा। उत्तर प्रदेश को वैश्विक टेक्सटाइल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। लखनऊ में 8 और 9 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘यूपी टेक्स 2026’ से पहले नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन भवन, सेक्टर-6 में कर्टेन रेजर एवं रोड शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वस्त्र, परिधान और निर्यात क्षेत्र से जुड़े बड़ी संख्या में उद्यमी शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग एवं हथकरघा विभाग के मंत्री राकेश सचान, प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर, मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त अरविंद कुमार सिंह, एनईए अध्यक्ष ललित ठुकराल, एनईए उपाध्यक्ष नीरज प्रकाश और आईआईए उपाध्यक्ष राजीव बंसल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
वैश्विक टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में पहल
मंत्री राकेश सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश को वैश्विक टेक्सटाइल हब के रूप में स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘यूपी टेक्स 2026’ के माध्यम से प्रदेश की टेक्सटाइल क्षमता को राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर प्रदर्शित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य उद्यमियों और निवेशकों को एक मंच उपलब्ध कराना तथा वस्त्र क्षेत्र में निवेश, नवाचार और नए कारोबारी अवसरों को बढ़ावा देना है। ‘यूपी टेक्स 2026’ टेक्सटाइल सेक्टर के विकास को नई गति देने के साथ उद्योग जगत के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।
निवेश और उद्योग जगत की भागीदारी पर चर्चा
प्रमुख सचिव अनिल कुमार सागर ने ‘यूपी टेक्स 2026’ की रूपरेखा, उद्देश्यों, उद्योग जगत की भागीदारी और निवेश की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
एनईए अध्यक्ष ललित ठुकराल ने परिधान, निर्यात और वस्त्र क्षेत्र के विकास की संभावनाओं पर अपने विचार रखे। आईआईए के उपाध्यक्ष राजीव बंसल ने अपैरल क्षेत्र में नोएडा की उपयोगिता और संभावनाओं की जानकारी दी।
एसएसजी फर्निशिंग्स लिमिटेड के निदेशक चंद्रभूषण मिश्रा ने होम टेक्सटाइल और आईएफआर फैब्रिक के उपयोग पर चर्चा की। वहीं एलीट होम डेकोर के निदेशक अवनीश गौतम ने स्टार्टअप और भारतीय होम फर्निशिंग उत्पादों की बढ़ती वैश्विक मांग पर प्रकाश डाला।
पंजीकरण के लिए लगाया गया विशेष काउंटर
कार्यक्रम के अंत में संयोजक एवं सहायक आयुक्त, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग, मेरठ-सहारनपुर मंडल अरविंद कुमार सिंह ने सभी उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने उद्यमियों से 8 और 9 सितंबर को लखनऊ में आयोजित होने वाले ‘यूपी टेक्स 2026’ में सक्रिय सहभागिता की अपील की।
कार्यक्रम स्थल पर विभाग की ओर से पंजीकरण के लिए अलग काउंटर भी लगाया गया, जहां उद्यमियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, निवेश के अवसरों और निर्यात संवर्धन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान नई टेक्सटाइल पॉलिसी-2027 को लेकर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने उद्यमियों से विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और निवेश से जुड़े अवसरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
