सीबीएसई फुटबॉल क्लस्टर चैंपियनशिप में एमेनिटी और एस्टर स्कूल का दबदबा
अंडर-14 और अंडर-19 में एमेनिटी पब्लिक स्कूल, अंडर-17 में एस्टर पब्लिक स्कूल बना चैंपियन
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर इकोटेक-11 स्थित उमा पब्लिक स्कूल में आयोजित सात दिवसीय सीबीएसई फुटबॉल क्लस्टर चैंपियनशिप 2026 का गुरुवार को रोमांचक मुकाबलों और उत्साह के बीच समापन हुआ। प्रतियोगिता के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने सोमरविल स्कूल, ग्रेटर नोएडा को 6-0 से तथा पैसिफिक वर्ल्ड स्कूल को 4-0 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। अंडर-17 वर्ग में एमेनिटी पब्लिक स्कूल ने आर्मी पब्लिक स्कूल को 2-0 से, जबकि एस्टर पब्लिक स्कूल, डेल्टा-2 ने दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, नोएडा को 5-0 से पराजित किया। अंडर-19 में दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30 ने मेरठ पब्लिक स्कूल को 4-0 से और एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर ने एस्टर पब्लिक स्कूल को 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर विजेता और दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, नोएडा उपविजेता रहा। अंडर-17 वर्ग में एस्टर पब्लिक स्कूल, डेल्टा-2 ने खिताब जीता, जबकि एमेनिटी पब्लिक स्कूल उपविजेता रहा। अंडर-19 वर्ग में एमेनिटी पब्लिक स्कूल, रुद्रपुर विजेता और दिल्ली पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, नोएडा उपविजेता रहा।
खिलाड़ियों को किया सम्मानित
समापन समारोह में दादरी विधायक तेजपाल नागर, भारतीय कुश्ती महासंघ के कोषाध्यक्ष देशपाल, 31 यूपी गर्ल्स बटालियन के कर्नल सुमित बाना, गौतमबुद्ध नगर के खेल अधिकारी नरवेज अली, विद्यालय के चेयरमैन विपिन भाटी और एमडी सचिन चौधरी मौजूद रहे। सीबीएसई पर्यवेक्षक भीम त्यागी एवं धीरेन्द्र ने प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित आयोजन और खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की।
विद्यालय की प्रधानाचार्या सुनीता शर्मा, विनोद चौधरी, प्रधानाचार्य संजय शर्मा और नरेंद्र सिंह चौहान ने विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और संघर्ष की भावना विकसित करने का माध्यम हैं।
समापन अवसर पर विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को शील्ड, पदक और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में तकनीकी कोच शिवालिक राज तथा प्रशिक्षक हिमांशु राज, अंकित भाटी और दीपक भाटी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
बारिश के बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह बना रहा। सात दिनों तक चले इस आयोजन में खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से खेल भावना और टीमवर्क का शानदार परिचय दिया।
