यमुना प्राधिकरण की छह एकड़ ग्रीन बेल्ट का लोकार्पण, 21 हजार पौधों से संवारा हरित क्षेत्र
ग्रेटर नोएडा। पर्यावरण संरक्षण और क्षेत्र को हरित एवं स्वच्छ बनाने की दिशा में यमुना प्राधिकरण ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। सेक्टर-32 में Avery Dennison कंपनी के समीप विकसित छह एकड़ क्षेत्रफल की ग्रीन बेल्ट का गुरुवार को यमुना प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने लोकार्पण किया। प्राधिकरण ने इस ग्रीन बेल्ट को कंपनी को एडोप्सन के तहत विकसित करने के लिए दिया था।
ग्रीन बेल्ट में करीब 21 हजार पौधे लगाए गए हैं और आकर्षक लॉन विकसित किया गया है। सड़क स्तर से नीचे होने के कारण क्षेत्र में जलभराव की समस्या से बचाव के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनाया गया है। इसके अलावा आमजन के टहलने के लिए वॉकिंग ट्रैक भी विकसित किया गया है।
ग्रीन बेल्ट में मियांवाकी पद्धति से पौधरोपण के साथ विभिन्न प्रजातियों के फूलदार और छायादार पौधे लगाए गए हैं। ऐसे फूलदार पौधों का चयन किया गया है, जिनसे अलग-अलग मौसम में पूरे वर्ष हरित क्षेत्र में फूलों की खूबसूरती बनी रहे। यह ग्रीन बेल्ट आमजन के लिए खुली रहेगी।
इस ग्रीन बेल्ट को Give Me Trees संस्था ने Avery Dennison के लिए विकसित किया है। कंपनी ने निकट भविष्य में समीप स्थित गोल चक्कर को भी विकसित करने में रुचि दिखाई है।
लोकार्पण कार्यक्रम में उपनिदेशक उद्यान आनंद मोहन सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक उद्यान डॉ. आरती सिंह सहित Avery Dennison के निदेशक अमिताभ सागर, अजय कुमार, प्रदीप, इंदू तथा प्राधिकरण और कंपनी के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
यमुना प्राधिकरण ने वर्ष 2026-27 के लिए 77,007 पौधों के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले करीब 1.50 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश भी दिया।
