गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद देगा GIMS, असाध्य रोग निधि योजना के तहत मिलेगी वित्तीय सहायता
पात्र मरीजों को महंगे उपचार के खर्च में सहयोग, ARN कार्यालय में कर सकते हैं संपर्क
ग्रेटर नोएडा। आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र मरीजों के लिए राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS), ग्रेटर नोएडा में उत्तर प्रदेश सरकार की असाध्य रोग निधि (ARN) योजना के तहत गंभीर एवं असाध्य रोगों के उपचार के लिए वित्तीय सहायता की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना का उद्देश्य गंभीर बीमारियों के महंगे इलाज का खर्च वहन करने में असमर्थ पात्र मरीजों को आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है।
GIMS के अनुसार, सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता मानकों को पूरा करने वाले मरीज इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। गंभीर बीमारी के उपचार के लिए आर्थिक सहायता की आवश्यकता वाले मरीज अथवा उनके परिजन संस्थान में संचालित असाध्य रोग निधि (ARN) कार्यालय/संबंधित सहायता केंद्र से संपर्क कर सकते हैं।
दस्तावेजों के साथ करना होगा संपर्क
योजना का लाभ लेने के लिए मरीज या उनके परिजनों को निर्धारित आवश्यक दस्तावेजों के साथ ARN कार्यालय में संपर्क करना होगा। आवेदन प्राप्त होने के बाद प्रकरण की जांच और आगे की कार्रवाई शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं स्वीकृति प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी।
GIMS ने मरीजों और उनके परिजनों से अपील की है कि योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और प्रकरण की स्थिति से संबंधित जानकारी के लिए सीधे संस्थान के ARN कार्यालय से संपर्क करें।
संपर्क:
असाध्य रोग निधि (ARN) कार्यालय
राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS), ग्रेटर नोएडा
संस्थान के अनुसार, यह पहल जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ गंभीर बीमारियों के इलाज में आने वाले आर्थिक बोझ को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
