सेक्टर पी-3 में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, एकजुटता का लिया संकल्प
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर पी-3 के थीम पार्क में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आरडब्ल्यूए और सेक्टरवासियों की सहभागिता से भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
समारोह के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त सेना अधिकारी वीर सिंह तेवतिया ने राष्ट्रध्वज फहराया। इसके बाद उपस्थित सेक्टरवासियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
कार्यक्रम में सेक्टर के वरिष्ठ नागरिकों, गणमान्य लोगों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों के साथ आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य मौजूद रहे। सभी ने उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया और देश के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
आरडब्ल्यूए अध्यक्ष अमित भाटी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का अवसर नहीं, बल्कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग को याद करने तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का दिन है। उन्होंने कहा कि सेक्टर पी-3 की पहचान उसकी एकजुटता, भाईचारे और सामूहिक सहभागिता से है।
उन्होंने सेक्टरवासियों से राष्ट्रहित और समाजहित से जुड़े कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा बच्चों एवं युवाओं को देशप्रेम, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना से जोड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सेक्टरवासियों की मौजूदगी ने समारोह को यादगार बना दिया। अंत में आरडब्ल्यूए की ओर से सभी अतिथियों, वरिष्ठ नागरिकों, पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और सेक्टरवासियों का आभार व्यक्त किया गया। साथ ही सेक्टर के विकास और समाजहित के कार्यों में मिल-जुलकर योगदान देने का संकल्प लिया गया।
