श्री बालाजी एनक्लेव में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, वरिष्ठ पत्रकार सम्मानित
दादरी। श्री बालाजी एनक्लेव आरडब्ल्यूए की ओर से कॉलोनी के पार्क में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण समारोह हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति की भावना के साथ आयोजित किया गया। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ओमवीर आर्य एडवोकेट ने बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रध्वज को नमन करते हुए देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार केपी सिंह और संजय सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के ब्रांच मैनेजर हिमांशु त्यागी का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला कार्यवाह राजकुमार आर्य ने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित ‘वंदे मातरम्’ ने देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा दी। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ से जुड़ा इतिहास और आज संसद में इसकी प्रस्तुति प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
समारोह में राज सिंह प्रधान, किरणपाल नागर, भगवत भाटी, रमेश बंसल, गजेपाल फौजी, आदित्य शर्मा, गजेंद्र तंवर, एडीओ कृष्णपाल, मनोज भाटी फौजी, सुशील राघव, लीला कृष्ण भाटिया, सुंदरलाल भाटिया, जयप्रकाश शर्मा, मनोज गर्ग, रणवीर टाइगर, जगदीप फौजी, रामू माली, योगेश सुपरवाइजर, छोटेलाल, तुषार भाटी, अरुण भाटी, अनूप लाला, बबलू, डॉ. रामवीर, विनोद नागर एडवोकेट, महेंद्र सिंह एडवोकेट, अजय भाटी, हर्षित आर्य, आदित्य आर्य और व्यास आर्य सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
अंत में आरडब्ल्यूए अध्यक्ष ओमवीर आर्य एडवोकेट ने सभी कॉलोनीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को नमन किया।
