शारदा केयर-हेल्थसिटी ने लगाया निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर
ग्रेटर नोएडा। शारदा केयर-हेल्थसिटी, ग्रेटर नोएडा की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को ग्रीनवुड फेज-1, स्वर्ण नगरी, सेक्टर-31 में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 1000 से अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श के साथ रैंडम ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ईसीजी, पीएफटी, बीएमडी, आंखों की जांच और बीएमआई सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की गईं। स्वास्थ्य जागरूकता वार्ता के बाद श्वसन रोग और हड्डी-जोड़ संबंधी समस्याओं से जुड़े मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों ने परामर्श दिया।
इस दौरान रेस्पिरेटरी मेडिसिन के डायरेक्टर डॉ. हरीश वर्मा तथा ऑर्थोपेडिक्स, जॉइंट एंड स्पाइन के डायरेक्टर एवं यूनिट हेड डॉ. पुष्कर चावला ने लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह दी।
शारदा केयर-हेल्थसिटी के ग्रुप सीईओ डॉ. कौसर शाह ने कहा कि शिविर का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को सही स्वास्थ्य सलाह उपलब्ध कराना और आवश्यकता पड़ने पर समय पर उचित चिकित्सा सुविधा से जोड़ना भी है।
ग्रीनवुड गवर्नमेंट ऑफिसर्स वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष संजीव गुप्ता ने शिविर को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर समाज के लिए सराहनीय पहल बताया। सोसाइटी के सचिव नीलाभ सिंह ने कहा कि शिविर से सोसाइटी के निवासियों के साथ-साथ सुरक्षा गार्ड, माली, सफाईकर्मी और अन्य सहयोगियों को भी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिला।
शिविर के आयोजन पर सोसाइटी के निवासियों ने शारदा केयर-हेल्थसिटी की टीम का आभार जताया। साथ ही ग्रेटर नोएडा की अन्य सोसाइटियों में भी नियमित रूप से स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
