FHRAI-IHM में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस
ग्रेटर नोएडा, 15 अगस्त। नॉलेज पार्क-3 स्थित FHRAI Institute of Hospitality Management में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के निदेशक डॉ. साइटेश श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण कर की। इसके बाद राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया।
समारोह में संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए निदेशक डॉ. साइटेश श्रीवास्तव ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को देश की प्रगति, एकता और विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं में अनुशासन, जिम्मेदारी, मेहनत और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना समय की आवश्यकता है। युवाओं को अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग देश के विकास में करना चाहिए।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण और अन्य प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।
समारोह के अंत में विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत किया।
