गौतमबुद्धनगर में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, डीएम ने दिलाया कर्तव्यनिष्ठा का संकल्प
ग्रेटर नोएडा, 15 अगस्त। जनपद गौतमबुद्धनगर में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर और कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण किया। कलेक्ट्रेट में ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय शिव नारायण गुप्ता की पुत्री संध्या गुप्ता को शॉल भेंट कर सम्मानित किया। वहीं धर्म पब्लिक स्कूल, ग्रेटर नोएडा के विद्यार्थियों को देशभक्ति से ओत-प्रोत उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इसके बाद देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं योगदान को याद करते हुए विचार गोष्ठी आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी असंख्य वीरों के त्याग, तपस्या और बलिदान का परिणाम है। इसे केवल एक दिन के उत्सव तक सीमित न रखते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को समझने तथा उनका पालन करने के संकल्प के रूप में मनाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को देशभक्ति की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए। स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करते हुए स्वयं स्वच्छ रहने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करना चाहिए। समाज के जरूरतमंद और निराश्रित लोगों की सहायता कर विशेष अवसरों को सामाजिक सेवा के लिए समर्पित किया जा सकता है।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभिभावकों को बच्चों को स्वतंत्रता सेनानियों और वीर शहीदों के त्याग एवं बलिदान की जानकारी देनी चाहिए। छोटे-छोटे सकारात्मक कार्यों के माध्यम से भी देश और समाज के लिए योगदान दिया जा सकता है। जमीन से जुड़कर राष्ट्रहित में कार्य करना ही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में पूरी मेहनत और ईमानदारी से कार्य करते हुए विकास कार्यों को गति दें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और देशहित की भावना से करेगा तो सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में देश और मजबूती से आगे बढ़ेगा।
समारोह में धर्म पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने देशभक्ति पर आधारित मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और अतिथियों में देशभक्ति की भावना का संचार किया।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार, अपर जिलाधिकारी भू-अर्जन अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, डिप्टी कलेक्टर हरिशंकर लाल, अरुण वर्मा, जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में कैंप कार्यालय में भी जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगान के बाद उन्होंने उपस्थित बच्चों को उपहार भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया।
