जैन समाज ग्रेटर नोएडा की महिलाओं ने धूमधाम से मनाई हरियाली तीज
ग्रेटर नोएडा। जैन समाज ग्रेटर नोएडा की महिलाओं की ओर से हरियाली तीज उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महिलाओं के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जैन समाज महिला मंडल की अध्यक्ष ममता जैन ने हरियाली तीज के धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखने के साथ महिलाओं को आपस में जुड़ने और खुशियां साझा करने का अवसर देते हैं।
तीज उत्सव के दौरान आधुनिक संगीत के साथ पारंपरिक लोकगीतों की भी धूम रही। महिलाओं ने सामूहिक नृत्य कर माहौल को उल्लास और उमंग से भर दिया। हरे रंग के परिधानों और तीज की पारंपरिक सजावट ने कार्यक्रम की खूबसूरती बढ़ा दी।
आयोजन में सहयोग करने वाली सभी महिलाओं का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने महिलाओं को आपसी मेलजोल बढ़ाने के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत रखने का अवसर प्रदान किया।
