इकोटेक-3 में IBA की तिरंगा यात्रा, 300 से अधिक उद्यमी और श्रमिक हुए शामिल
ग्रेटर नोएडा, 14 अगस्त। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्धनगर की ओर से शुक्रवार को इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में 300 से अधिक उद्यमी, कर्मचारी, श्रमिक, स्टाफ और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। यात्रा के दौरान पूरा औद्योगिक क्षेत्र भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय हिंद के नारों से गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा की शुरुआत जेके इंडस्ट्रीज, प्लॉट नंबर-376, उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-3 से हुई। भारतीय जनता पार्टी के गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने राष्ट्रध्वज दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से होते हुए घंटा चौक, सूरजपुर तक पहुंची। पुलिस प्रशासन की ओर से की गई सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के बीच यात्रा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
यात्रा के दौरान देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। प्रतिभागियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया। देशभक्ति गीतों और नारों से औद्योगिक क्षेत्र का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर रहा।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि तिरंगा करोड़ों भारतीयों की आस्था, आत्मसम्मान, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और सम्मान पर चुनौती आने पर पूरा भारत एकजुट होकर खड़ा होता है। उन्होंने लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत अपने घरों, प्रतिष्ठानों और उद्योगों पर तिरंगा फहराने तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति के साथ मनाने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक है। उद्योग जगत की तिरंगा यात्रा यह दर्शाती है कि उद्यमी वर्ग आर्थिक विकास के साथ राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता में भी अपनी भूमिका निभा रहा है।
IBA की ओर से जेके इंडस्ट्रीज के उपाध्यक्ष नरेश चौहान और उनके परिवार का विशेष आभार व्यक्त किया गया। यात्रा के शुभारंभ स्थल पर प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एसीपी-3 सेंट्रल राजू कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी इकोटेक-3 रणजीत सिंह, उद्योग विहार चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार सहित पुलिस बल का सहयोग रहा।
यात्रा में IBA के महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, कार्यकारी सदस्य हर्ष तोमर, संजय पांचाल, ललित सिंघल सहित 300 से अधिक उद्यमी, कर्मचारी और नागरिक शामिल हुए। अंत में प्रतिभागियों ने सामाजिक समरसता, राष्ट्रीय एकता और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
