IBA ने डीएम के सामने उठाईं औद्योगिक समस्याएं, स्थायी समाधान का मिला भरोसा
यूपीसीडा के औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव-ड्रेनेज की समस्य
पर साप्ताहिक समीक्षा के निर्देश, ईकोटेक-3 को मॉडल औद्योगिक क्षेत्र बनाने की पहल
ग्रेटर नोएडा। औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं के स्थायी समाधान की मांग को लेकर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में उद्योगों से जुड़ी जलभराव, ड्रेनेज, सफाई और आधारभूत सुविधाओं की समस्याओं के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्रों के सुनियोजित विकास पर विस्तार से चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
बैठक में यूपीसीडा साइड-5 एवं साइड-बी/सी में लंबे समय से बनी जलभराव, ड्रेनेज और सफाई की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। IBA प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन समस्याओं के कारण औद्योगिक इकाइयों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों और अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि जब तक इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक यूपीसीडा के साथ साप्ताहिक बैठक कर प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। इससे लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है।
ईकोटेक-3 को विश्वस्तरीय मॉडल औद्योगिक क्षेत्र बनाने का प्रस्ताव
बैठक में IBA की ओर से उद्योग केंद्र-2, ईकोटेक-3 को ‘विश्वस्तरीय मॉडल गेटेड आदर्श औद्योगिक क्षेत्र’ के रूप में विकसित करने का विस्तृत प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। जिलाधिकारी ने प्रस्ताव की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक पहल बताया।
उन्होंने जल्द ही जिला प्रशासन, संबंधित प्राधिकरण और IBA के प्रतिनिधियों की संयुक्त समिति गठित करने का आश्वासन दिया। समिति विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करेगी और प्रगति रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी। प्रस्तावित मॉडल सफल होने के बाद इसे जनपद के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध रूप से लागू किए जाने की संभावना है।
उद्यमियों को नहीं लगाने पड़ेंगे विभागों के चक्कर
जिलाधिकारी ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर की पहचान उद्योग और उद्यमियों से है, इसलिए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिस समस्या का संबंध जिस प्राधिकरण से है, उसके वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय कर उसी स्तर पर बैठक करके समाधान कराया जाए।
इस व्यवस्था से उद्यमियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
स्टेडियम खोलने पर IBA ने किया डीएम का सम्मान
बैठक के दौरान IBA प्रतिनिधिमंडल ने शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आमजन के लिए खोलने तथा खिलाड़ियों को नाममात्र वार्षिक शुल्क पर अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर IBA की ओर से जिलाधिकारी को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि जिलाधिकारी के सकारात्मक दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली और उद्योग हितैषी सोच से जनपद के उद्यमियों में विश्वास और नई उम्मीद पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और उद्योग जगत के बीच निरंतर संवाद और बेहतर समन्वय से गौतम बुद्ध नगर को देश के अग्रणी एवं आदर्श औद्योगिक जिलों में शामिल किया जा सकता है।
बैठक में IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, युवा कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर एवं वरिष्ठ सदस्य चंचल कुमार उपस्थित रहे।
इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर ने जिलाधिकारी द्वारा उद्योग हित में दिए गए सकारात्मक आश्वासन और समस्याओं के समाधान की दिशा में की गई पहल के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
