बिसरख-दादरी में कांग्रेस की बैठक, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं से ली राय, सक्रिय और संघर्षशील कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने की बात
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत बुधवार को गौतमबुद्ध नगर के बिसरख और दादरी में कांग्रेस की संयुक्त बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में संगठन के पुनर्गठन को लेकर कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से रायशुमारी की गई। इस दौरान कांग्रेस संगठन को बूथ से लेकर ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया गया।
बिसरख ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय, सादुल्लापुर में ब्लॉक अध्यक्ष विजय नागर के नेतृत्व में बैठक हुई। वहीं दादरी के रेलवे रोड स्थित बालाजी फार्म पर नगर कांग्रेस कमेटी और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी दादरी की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसका आयोजन ब्लॉक अध्यक्ष तीरथराम वाल्मीकि और नगर कांग्रेस अध्यक्ष धर्मवीर सिंह ने किया।
बैठकों में संगठन सृजन अभियान के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक और आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष शेख मस्तान वली प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने की।
पद नहीं, सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने पर जोर
शेख मस्तान वली ने कहा कि संगठन सृजन अभियान कांग्रेस को नई ऊर्जा और दिशा देने का महत्वपूर्ण प्रयास है। संगठन की मजबूती का आधार बूथ स्तर पर सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि संगठन में जिम्मेदारी केवल पद बांटने के लिए नहीं, बल्कि ऐसे संघर्षशील और जनता के बीच सक्रिय कार्यकर्ताओं को आगे लाने के लिए दी जानी चाहिए, जो जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा सकें।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेदों को पीछे छोड़कर एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की रायशुमारी संगठनात्मक निर्णय प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी है और जमीनी कार्यकर्ताओं की आवाज को उचित स्थान दिया जाना चाहिए।
गांव, वार्ड और बूथ तक संगठन मजबूत करने का दावा
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में संगठन सृजन अभियान को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। बिसरख और दादरी की बैठकों में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने को लेकर सुझाव दिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का वास्तविक आधार उसका कार्यकर्ता है। अभियान के माध्यम से लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी के लिए संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं को आगे लाने का प्रयास किया जा रहा है।
दीपक भाटी ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस संगठन को जिला, बूथ, ग्राम, वार्ड, ब्लॉक और नगर स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय किया जाएगा। किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों, व्यापारियों और आम नागरिकों से जुड़े स्थानीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस का संघर्ष आगे और व्यापक किया जाएगा।
बैठक में पूर्व मंत्री सतीश शर्मा, विजय नागर, रन सिंह प्रधान, सरजीत सिंह, तीरथराम वाल्मीकि, धर्मवीर प्रधान, भगवती शर्मा, दुष्यंत नागर, किशन शर्मा, अशोक पंडित, गौतम अवाना, दिनेश अवाना, राधा रानी, वसील अहमद, मुकेश शर्मा, निशा शर्मा, महकार तंवर, नीरज लोहिया, धर्म सिंह, पुनीत मावी, मेहरबान मालिक, नीतीश चौधरी, विपिन त्यागी, गीता देवी, नदीम प्रधान समेत वरिष्ठ कांग्रेस नेता, AICC एवं PCC सदस्य, जिला व ब्लॉक पदाधिकारी, नगर कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
