कांवड़ियों के साथ किया जलाभिषेक, शिवभक्तों का बढ़ाया उत्साह : संजय बाली
संजय बाली ने कांवड़ शिविर पहुंचकर जाना कुशलक्षेम, सेवा शिविरों के आयोजकों और स्वयंसेवकों की सराहना
नोएडा, 11 अगस्त। श्रावण मास के पावन अवसर पर सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-19 में जिला उपाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि संजय बाली ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे डाक कांवड़ियों एवं अन्य कांवड़ियों का स्वागत और अभिनंदन किया। उन्होंने शिवभक्तों के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की और देश, प्रदेश एवं समाज की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
इसके बाद संजय बाली ने दीपांकर महाराज के साथ कांवड़ शिविर पहुंचकर कांवड़ियों से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने यात्रा के दौरान कांवड़ियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने शिवभक्तों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
संजय बाली ने कहा कि कांवड़ियों की सेवा करना पुण्य का कार्य है। समाज के सभी वर्गों को धार्मिक एवं सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए। उन्होंने कांवड़ियों के लिए लगाए गए सेवा शिविरों के आयोजकों और स्वयंसेवकों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी निस्वार्थ सेवा समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में रोहित ठाकुर, मनोज उपाध्याय, प्रमोद रंगा और रामकुमार शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु एवं शिवभक्त मौजूद रहे।
