इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो-2026 का भव्य आगाज, 1,000 से अधिक ब्रांड एक मंच पर
ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में बुधवार को इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (IHE) 2026 के 9वें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस बी2बी प्रदर्शनी में देश-विदेश के होटल उद्योग, होरेका, फूड सर्विस और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ, खरीदार, निर्माता और वैश्विक ब्रांड एक ही मंच पर जुटे।
प्रदर्शनी का उद्घाटन इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार सहित हॉस्पिटैलिटी उद्योग की कई प्रमुख हस्तियों ने किया। इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि IHE अब केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय हॉस्पिटैलिटी उद्योग का वार्षिक संगम बन चुका है, जहां नवाचार, निवेश और रणनीतिक साझेदारियों को नई दिशा मिलती है।
EPCH के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना ने कहा कि यह मंच भारतीय हस्तशिल्प, डिज़ाइन और गुणवत्ता को वैश्विक हॉस्पिटैलिटी उद्योग से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। वहीं पर्चेजिंग प्रोफेशनल फोरम इंडिया (PPFI) के अध्यक्ष अमरजीत सिंह आहूजा ने आधुनिक प्रोक्योरमेंट में नवाचार और दीर्घकालिक साझेदारियों की आवश्यकता पर जोर दिया।
प्रदर्शनी में होटल इंफ्रास्ट्रक्चर, कमर्शियल किचन, फूड सर्विस उपकरण, स्मार्ट हॉस्पिटैलिटी टेक्नोलॉजी, इंटीरियर, वेलनेस, हाउसकीपिंग, सुरक्षा, लाइटिंग और फर्निशिंग से जुड़े नवीनतम उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से स्थापित ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ODOC)’ पवेलियन भी आकर्षण का केंद्र रहा, जहां प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों को प्रदर्शित किया गया।
पहले दिन ‘पेस्ट्री क्वीन इंडिया-2026’, कुलिनरी मास्टरक्लास और कई बी2बी सत्रों का आयोजन हुआ। IEML के ईडी एवं सीईओ सुदीप सरकार ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी उद्योग का भविष्य नवाचार और उत्कृष्ट अतिथि अनुभव पर आधारित है तथा IHE इस दिशा में महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है।
8 अगस्त तक चलने वाले इस एक्सपो में 1,000 से अधिक ब्रांड, 10,000 वर्गमीटर से अधिक प्रदर्शनी क्षेत्र में अपने उत्पाद और तकनीक प्रदर्शित कर रहे हैं। आयोजन में 25 हजार से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है। आगामी दिनों में हॉस्पिटैलिटी डिज़ाइन सिम्पोजियम, हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव, मास्टर बेकर्स चैलेंज, कुलिनरी प्रतियोगिताएं, लीडरशिप फोरम और कई ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
