शारदा यूनिवर्सिटी में STEM Racing India 2026 नेशनल चैंपियनशिप का आयोजन, गुरुग्राम की टीम नाइटमेयर बनी विजेता
ग्रेटर नोएडा। शारदा यूनिवर्सिटी के ग्रेटर नोएडा कैंपस में STEMplify के सहयोग से आयोजित STEM Racing India 2026 National Championship का सफल समापन हुआ। 31 जुलाई से 2 अगस्त तक चले इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन में देश के 22 राज्यों से पहुंची 90 से अधिक टीमों के 500 से ज्यादा छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में छात्रों ने इंजीनियरिंग कौशल, नवाचार और टीमवर्क का शानदार प्रदर्शन किया।
चैंपियनशिप के दौरान इंजीनियरिंग डिजाइन, एंटरप्राइज, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, वर्बल प्रेजेंटेशन, पिट डिस्प्ले और नॉकआउट रेस जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 2 अगस्त को आयोजित Pit Lane Walk और Award Ceremony के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
STEM Racing India के माध्यम से 9 से 19 वर्ष के छात्रों को Formula 1® की तर्ज पर CAD/CAM डिजाइन, CNC मैन्युफैक्चरिंग, रोबोटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और एंटरप्रेन्योरशिप जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक सीखने का अवसर मिलता है। इस पहल से दुनिया के 58 देशों में 12 लाख से अधिक छात्र जुड़ चुके हैं। यह कार्यक्रम छात्रों में क्रिटिकल थिंकिंग, समस्या समाधान क्षमता और उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ मोटरस्पोर्ट्स में छात्राओं की भागीदारी को भी प्रोत्साहित कर रहा है।
कार्यक्रम में शिक्षा और उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियों ने हिस्सा लिया। इनमें एलएंडटी सेमीकंडक्टर्स के चीफ डेवलपमेंट ऑफिसर एवं ग्लोबल हेड ऑफ इंजीनियरिंग संजय गुप्ता, प्रोमेथियस स्कूल के फाउंडर मुकेश शर्मा, एम3एम फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी एवं प्रेसिडेंट ऐश्वर्य महाजन सहित कई स्कूल लीडर्स और कॉर्पोरेट प्रतिनिधि शामिल रहे।
नेशनल चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में गुरुग्राम की टीम नाइटमेयर ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि नोएडा की टीम अनंतम प्रथम रनर-अप रही। दोनों टीमें अब सिंगापुर ग्रैंड प्रिक्स 2026 में आयोजित होने वाले STEM Racing World Finals में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
STEM Racing India के इन-कंट्री चीफ और STEMplify के फाउंडर एवं सीईओ यशराज सिंह ने कहा कि STEM Racing India केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ऐसा मंच है जो छात्रों में नवाचार, टीम भावना और आत्मविश्वास को विकसित करता है। उन्होंने सफल आयोजन के लिए शारदा यूनिवर्सिटी का आभार व्यक्त किया।
शारदा यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) सिबाराम खारा ने कहा कि STEM Racing India National Finals यह साबित करता है कि प्रैक्टिकल लर्निंग छात्रों को बड़े सपने देखने और वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि ये युवा केवल रेसिंग कार तैयार नहीं कर रहे, बल्कि भारत के भविष्य की नई दिशा भी तय कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन शारदा यूनिवर्सिटी के डॉ. वृंसे विमल (डीन, स्ट्रैटेजी–डेवलपमेंट एंड ग्रोथ) के नेतृत्व में किया गया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. संजीव महेश्वरी, मनंजय कुमार, प्रदीप शर्मा (डायरेक्टर, आईएचए), डॉ. राजीव गुप्ता (डायरेक्टर एडमिशंस), डॉ. आर.सी. सिंह (डीन, एकेडमिक्स), सुश्री सत्यम (डिप्टी रजिस्ट्रार) और लेफ्टिनेंट डॉ. यशोधरा राज (असिस्टेंट डायरेक्टर) सहित अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
STEM Racing India 2026 नेशनल चैंपियनशिप ने एक बार फिर साबित किया कि भारत के युवा तकनीक, नवाचार और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
