जनसंवाद यात्रा से साधेगी जनता का संवाद, विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों में जुटी कांग्रेस
ग्रेटर नोएडा। विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी गौतम बुद्ध नगर ने मंगलवार को बिसरख स्थित जिला कांग्रेस कैंप कार्यालय में संगठनात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में 6 अगस्त से दादरी विधानसभा क्षेत्र से शुरू होने वाली जनसंवाद यात्रा की तैयारियों, संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान की रणनीति पर विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने की, जबकि जिला संयोजक जोगेश नेहरा विशेष रूप से मौजूद रहे। दीपक भाटी ने कहा कि कांग्रेस जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार जनता के बीच संघर्ष कर रही है। पार्टी कार्यकर्ता किसानों की प्राधिकरण संबंधी समस्याओं, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, स्थानीय परिवहन व्यवस्था तथा बिल्डर-बायर जैसे मुद्दों को लेकर गांवों, सेक्टरों और सोसायटियों में घर-घर पहुंचेंगे।
उन्होंने बताया कि 6 अगस्त से शुरू होने वाली जनसंवाद यात्रा का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनना, उन्हें प्रमुखता से उठाना और कांग्रेस की नीतियों को लोगों तक पहुंचाना है। साथ ही विधानसभा चुनाव में पार्टी की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ यात्रा को सफल बनाने का आह्वान करते हुए विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपीं।
जिला संयोजक जोगेश नेहरा ने कहा कि कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता यदि अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा से निभाए तो संगठन और अधिक मजबूत होगा। उन्होंने जनसंवाद यात्रा को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं को मजबूती से उठाना कांग्रेस की प्राथमिकता है।
बैठक में जनसंवाद यात्रा की रूपरेखा, गांवों और शहरी क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान, स्वागत समितियों के गठन, प्रचार-प्रसार, सोशल मीडिया अभियान और जनसभाओं की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। बैठक का संचालन मुकेश शर्मा ने किया।
इस दौरान धर्मेंद्र भाटी, दुष्यंत नागर, किशन शर्मा, धर्मवीर प्रधान, सूबेदार सतपाल सिंह, नीरज लोहिया, हरेंद्र शर्मा, सतीश शर्मा, महाराज सिंह, अरुण भाटी, सुरेंद्र प्रताप सिंह, धर्म सिंह, गौतम सिंह, बिन्नू भाटी, आर.के. प्रथम, दयानंद नागर, रमेश वाल्मीकि, नीतीश चौधरी, सुबोध भट्ट, सचिन शर्मा, सचिन जीनवाल, विपिन त्यागी, असगर अली, अरविंद रेक्सवाल, अमित कुमार, अंकित भाटी, श्रुति, धीरा सिंह, रमेश जीनवाल, जतन सिन्हा, दुर्गेश कुमार और सुनील सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
