जीएनआईओटी में प्रथम स्नातक बैच को भावभीनी विदाई, विशाखा और कुणाल बने मिस्टर-मिस फेयरवेल
ग्रेटर नोएडा। जीएनआईओटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के सीएसई-एआई एवं एआई-डीएस विभाग ने अपने प्रथम स्नातक बैच के सम्मान में फेयरवेल सेरेमनी-2026 का आयोजन किया। समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, यादगार पलों और उनके उज्ज्वल भविष्य का उत्सव मनाया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने नृत्य, स्टैंड-अप कॉमेडी, खेल और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘मिस्टर एंड मिस फेयरवेल-2026’ प्रतियोगिता रही। इसमें विशाखा (एआई-डीएस) को मिस फेयरवेल-2026 और कुणाल (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) को मिस्टर फेयरवेल-2026 चुना गया।
इस दौरान मोहक और निकेश को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए बेस्ट एकेडमिक परफॉर्मर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। विभाग ने प्रथम स्नातक बैच को विभाग की मजबूत नींव रखने वाला बताते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।
विभागाध्यक्ष डॉ. विजय शुक्ला ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रथम बैच विभाग के इतिहास में हमेशा विशेष स्थान रखेगा। संस्थान के निदेशक डॉ. धीरज गुप्ता ने कहा कि जीएनआईओटी प्रतिभाशाली और उद्योग के लिए तैयार युवाओं के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं ग्रुप चेयरमैन डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ जिम्मेदार और नवाचारी पेशेवर तैयार करना है, जो देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दें।
