6 अगस्त से शुरू होगी कांग्रेस की “जनसंवाद संकल्प यात्रा”
ग्रेटर नोएडा। जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर ने आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए 6 अगस्त से “जनसंवाद संकल्प यात्रा” शुरू करने की घोषणा की है। शुक्रवार को स्वर्ण नगरी स्थित प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने बताया कि यात्रा के पहले चरण की शुरुआत दादरी विधानसभा क्षेत्र से होगी, जबकि अगले माह इसके दूसरे चरण का विस्तार जेवर विधानसभा क्षेत्र में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों से सीधा संवाद करेंगे और गांव, कस्बों, नगरों तथा आवासीय सोसायटियों में जनसंपर्क के साथ नुक्कड़ सभाएं, जनचौपाल और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उनका कहना था कि अभियान का उद्देश्य केवल चुनावी तैयारी नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना और उनकी समस्याओं को समझकर उन्हें पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल करना है।
दीपक भाटी चोटीवाला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में युवा रोजगार, किसान फसलों के उचित मूल्य, छात्र परीक्षा व्यवस्था, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और आगामी विधानसभा चुनाव में जनहितकारी सरकार बनाने का आह्वान करेगी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों से यात्रा में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।
पत्रकार वार्ता में मुकेश शर्मा, रिजवान चौधरी, नीरज लोहिया, निशा शर्मा, आर.के. प्रथम, कपिल भाटी, धर्म सिंह, अरुण भाटी और सुबोध भट्ट सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
