गौ सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण में सौंपा गया ज्ञापन, गौ माता को राष्ट्र माता बनाने की मांग: अभिषेक चौधरी
ग्रेटर नोएडा। गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने और देशभर में गौ वध पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के दूसरे चरण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान अभियान से जुड़े प्रतिनिधियों ने लाखों नागरिकों के हस्ताक्षरों वाला ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा।
कार्यक्रम का नेतृत्व सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता एवं जनहित याचिका कार्यकर्ता अभिषेक चौधरी, अधिवक्ता एवं आध्यात्मिक गुरु संतु भगत (ढाक वाले बाबा, गुरुग्राम) तथा कामधेनु गौ रक्षक दल के प्रमुख मंजीत ने किया। ज्ञापन में गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने और गौवंश संरक्षण के लिए देशभर में कड़ा कानून लागू करने की मांग की गई।
इस अवसर पर अभिषेक चौधरी ने कहा कि गौ माता भारतीय संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण आधार हैं तथा अभियान के माध्यम से जनभावनाओं को प्रशासन तक पहुंचाया गया है। संतु भगत ने कहा कि गौ संरक्षण के लिए उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा। वहीं मंजीत ने कहा कि कामधेनु गौ रक्षक दल भविष्य में भी इस विषय पर जनजागरण अभियान चलाता रहेगा।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इसे नियमानुसार संबंधित उच्च स्तर पर भेजा जाएगा। अधिकारियों ने कार्यक्रम के शांतिपूर्ण एवं अनुशासित आयोजन की भी सराहना की।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौ सेवकों, महिलाओं, युवाओं एवं अन्य नागरिकों ने भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने गौ संरक्षण के समर्थन में नारे लगाए और अभियान को आगे भी जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
