शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. देवेश कुमार सिंह को मिला ईटी इंडस्ट्री लीडर्स नॉर्थ 2026 अवॉर्ड
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी (एनआईयू) एवं एनआईआईएमएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के चेयरमैन डॉ. देवेश कुमार सिंह को शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ईटी इंडस्ट्री लीडर्स नॉर्थ 2026 अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन उद्योग एवं संस्थागत नेताओं को दिया जाता है, जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
“Celebrating the Growth Story, Powering India” थीम पर आयोजित समारोह में यह सम्मान प्रसिद्ध अभिनेता सुनील शेट्टी ने डॉ. सिंह को प्रदान किया।
डॉ. देवेश कुमार सिंह के नेतृत्व में नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी ने शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। वहीं, एनआईआईएमएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं, मेडिकल शिक्षा और शोध के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। यह सम्मान शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा को साथ लेकर समाज के समग्र विकास की दिशा में डॉ. सिंह की दूरदर्शी सोच और समर्पण का प्रतीक माना जा रहा है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. देवेश कुमार सिंह ने कहा कि ईटी इंडस्ट्री लीडर्स नॉर्थ 2026 अवॉर्ड उनके लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी नहीं, बल्कि नोएडा इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी और एनआईआईएमएस मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के पूरे परिवार की मेहनत, समर्पण और प्रतिबद्धता का परिणाम है। उनका मानना है कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा राष्ट्र निर्माण के दो सबसे मजबूत स्तंभ हैं और संस्थान का उद्देश्य विद्यार्थियों को ज्ञान, नवाचार एवं मानवीय मूल्यों से जोड़ते हुए समाज को बेहतर भविष्य देना है।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने इस सम्मान को संस्थान की गुणवत्ता, नवाचार और सामाजिक प्रतिबद्धता की राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय उद्योग जगत के साथ साझेदारी, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, शोध गतिविधियों और कौशल आधारित शिक्षा को लगातार बढ़ावा दे रहा है, ताकि विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर की शिक्षा और व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराया जा सके।
