लॉयड ग्रुप के समर ट्रेनिंग प्रोग्राम में 25 से अधिक संस्थानों के 84 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
ग्रेटर नोएडा। लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस (फार्मेसी) द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय “एडवांस्ड एनालिटिकल टेक्नीक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन” समर ट्रेनिंग प्रोग्राम का सफलतापूर्वक समापन हो गया। 20 से 24 जुलाई तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और उत्तराखंड के 25 से अधिक प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों से 84 विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को आधुनिक फार्मास्युटिकल विश्लेषण तकनीकों और अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था। कार्यक्रम के दौरान जीसी-एमएस, आरटी-पीसीआर, एचपीएलसी, एफटीआईआर, यूवी-विजिबल स्पेक्ट्रोफोटोमीटर, मालवर्न ज़ीटा साइज़र, प्रोब सोनिकेटर, डिसॉल्यूशन एपरैटस और इन-सिलिको स्टडीज़ जैसी उन्नत तकनीकों पर विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। साथ ही प्रतिभागियों को इन उपकरणों पर हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण भी दिया गया।
कार्यक्रम के उद्घाटन अवसर पर लॉयड ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की चीफ स्ट्रेटेजी ऑफिसर एवं हेड ऑफ ग्रोथ प्रो. वंदना अरोड़ा सेठी ने कहा कि फार्मास्यूटिकल उद्योग तेजी से आधुनिक तकनीकों को अपना रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए अत्याधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों का व्यावहारिक ज्ञान आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रतिभागियों की तकनीकी दक्षता, अनुसंधान क्षमता और नवाचार की सोच को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. हरि सिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, केआईईटी डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी, के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी, लिंगाया विद्यापीठ, एबीईएसआईटी कॉलेज ऑफ फार्मेसी, मंगलायतन यूनिवर्सिटी, आईपीएस अकादमी, एलएनसीटी स्कूल ऑफ फार्मेसी, एक्सिस इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी और गुरुकुल कांगड़ी सहित कई प्रमुख संस्थानों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
समापन समारोह में आयोजित क्विज प्रतियोगिता में टीशा वार्ष्णेय (लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी) ने प्रथम, हर्ष श्रीवास्तव (के.आर. मंगलम यूनिवर्सिटी) ने द्वितीय तथा आदित्य सिन्हा (लॉयड इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को पुरस्कार तथा सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
